रायपुर : फिल्म गदर-2 को देशभर में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। राजधानी रायपुर के सभी मल्टीप्लेक्स में ये फिल्म लगी ही है। राजधानी के दो सिंगल स्क्रीन थियेटर राज और श्याम टॉकीज में ये फिल्म लगाई गई है। भीड़ इस कदर है कि फिल्म के हर शो छूटने से पहले यहां पुलिस वालों की ड्यूटी लगाई जा रही है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था बनाई जा सके। सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर फिल्म गदर-2 को देखने मल्टीप्लेक्स में तो दर्शक जुट ही रहे हैं।
साथ ही सिंगल स्क्रीन थिएटर में भी फिल्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। भीड़ भी ऐसी जिसे कंट्रोल करने के लिए सिनेमाघर संचालकों को पुलिस भी बुलानी पड़ रही है।
फिल्म की टिकिट के लिए लंबी लाइन
राज टॉकीज के मैनेजर ने बताया कि हर शो हाउसफुल जा रहा है। सालों बाद आई इतनी भीड़ को मैनेज करना उनके लिए भी मुश्किल हो रहा है, हालांकि भीड़ बढ़ने पर पुलिस भी यहां आ रही है। श्याम सिनेमाघर के संचालक लाभांश तिवारी ने बताया कि कोरोना काल के बाद पहली ये ऐसी बॉलीवुड फिल्म है, जिसे लेकर ऐसा क्रेज देखा जा रहा है। इससे पहले बाहुबली-2 में ऐसी भीड़ देखी गई थी। सिंगल स्क्रीन थियेटर में गदर-2 की वजह से बहुत दिनों बाद ऑडियंस लौटी है।
छत्तीसगढ़ में सिंगल स्क्रीन थियेटर्स और गदर 2 के कलेक्शन
प्रदेश में सिंगल स्क्रीन थियेटर्स की संख्या – 62
रायपुर में फिल्म का 5 दिनों का कलेक्शन – 1.25 करोड़
प्रदेश में फिल्म के 5 दिनों का टोटल कलेक्शन – 3.5 करोड
(आंकड़े-सेंट्रल सिने एसोसिएशन के अनुसार)

