बलरामपुर : जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरी में एक युवक ने शराब के नशे में अपने चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस के टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी को ग्राम गिरवानी के जंगल से गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी बीएल सिंह ने बताया कि ग्राम पंडरी निवासी मृतक हरिवंश खैरवार 40 वर्ष और उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश खैरवार 35 वर्ष के बीच पिछले कुछ समय से पुस्तैनी कुएं के पानी के उपयोग को लेकर विवाद हो रहा था।
इस पुस्तैनी कुएं का उपयोग दोनों का परिवार संयुक्त रूप से वर्षों से करता रहा है। पिछले कुछ समय से ओमप्रकाश खैरवार ने चचेरे भाई हरिवंश को कुएं के पानी का उपयोग करने से मना कर रहा था और शराब पीने के बाद वह हरिवंश खैरवार से विवाद करता था और जान से मारने की धमकी देता था। जब वह नशे में नहीं होता था तो दोनों साथ बैठकर बातचीत करते थे। शुक्रवार को सुबह से ओमप्रकाश खैरवार शराब पी रहा था।
शाम करीब 4 बजे वह अपने घर के पास से शराब के नशे में हरिवंश खैरवार को गाली-गलौज कर रहा था। जब हरिवंश खैरवार ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया तो ओमप्रकाश घर से कुल्हाड़ी लेकर हरिवंश के पास पहुंचा और विवाद करते हुए कुल्हाड़ी से हरिवंश के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी हरिवंश आरोपी ओमप्रकाश के हाथ से टांगी छीनकर घर की तरफ भागा। मौके से कुछ दूर पर खड़े पड़ोसी विरेंद्र खैरवार व रामजीत ने बीच बचाव किया।
टांगी के हमले में गंभीर रूप से घायल हरिवंश खेत में गिर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी बीएल सिंह के साथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा के बाद पीएम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी ओमप्रकाश खैरवार गिरवानी के जंगल में छिप गया था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बनाकर आरोपी की खोजबीन शुरू की। देर रात आरोपी को गिरवानी के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है।

