धमतरी : देश भर में सफाई को लेकर कई प्रयास किये जा रहे हैं। लगातार सफाई अभियान चल रहा है, लोगों को खुले में शौच या पेशाब न करने की समझाइश दी जा रही है लेकिन लोग अब भी जागरूक नहीं हो रहे हैं।
इसी से जुड़ा एक मामला सामने आया है जहां खुले में पेशाब न करने की समझाइश देना निगम कर्मियों को महंगा पड़ गया। यहां ओडीएफ प्लस के तहत नगर निगम का अमला स्वच्छता को लेकर अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में बसस्टैंड के पास पेशाब कर रहे 2 युवकों को रोका गया लेकिन युवक इसे लेकर विवाद करने लगे जिसके बाद उनके बीच मारपीट हो गई। निगमकर्मियों ने पिटाई करने की शिकायत थाने में की। तब दूसरे पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए।
बता दें कि निगमकर्मियों ने कोतवाली पुलिस को जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक निगमकर्मी श्यामू सोना, गोविंद पात्रे और कुश नायक ओडीएफ प्लस के दौरान ड्यूटी कर रहे थे। धमतरी शहर के रिसाईपारा पूर्व निवासी मो.शाहिल खान व मुदस्तर खान बस स्टैंड में आशियाना होटल के पास खुले में पेशाब कर रहे थे। दोनों को कर्मचारियों ने मना किया तो वे गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। लाठी डंडा और लोहे से मारपीट की इससे वे घायल हो गए।

