रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज सुबह एक अफसर की पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना आज सुबह लगभग 5 बजे की बताई जा रही है। शनिवार देर रात पति के लौटने को लेकर पत्नी नाराज थी और इसके कारण दोनों में विवाद भी हुआ। वहीं रविवार तड़के पांच बजे महिला ने मोवा ब्रिज से रेलवे ट्रैक पर छलांग लगा दी। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा के महालेखाकार कार्यालय में सहायक लेखाधिकारी दीपक मीणा की पत्नी शारदा मीणा ने रविवार की सुबह मोवा ब्रिज से रेलवे ट्रैक पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सहायक लेखाधिकारी दीपक मीणा मुंबई गया हुआ था और शनिवार को वापस लौटा। लौटने के बाद वह फिर घूमने चला गया और देर रात लगभग 1 बजे लौटा। पत्नी शारदा मीणा ने घर का दरवाजा नहीं खोला।
इस बीच वह बाहर ही खड़ा रहा। बताया जा रहा है लगभग 3 बजे पत्नी ने दरवाजा खोला और उसके बाद दोनों में जमकर विवाद हुआ। इसके बाद सुबह लगभग 5 बजे शारदा मीणा घर से निकली और सीधे मोवा रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंची। यहां पहुंचकर उसने छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी के बाद अक्सर विवाद होता था । फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

