बलौदाबाजार : जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में डूबे छात्र का हादसे के 24 घंटे बाद भी पता नहीं चला है। वो अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। उसी दौरान तेज बहाव में जाने से यह हादसा हो गया है। बताया जाता है कि मंगलवार शाम तक भी उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। मगर उसका कुछ पता नहीं चल सका। आज बुधवार को फिर से युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।
बता दें कि भाटापारा के सुभाष नगर के रहने वाले उमेश साहू 18 वर्ष, गौरव मानिकपुरी और रविशंकर यादव तीनों दोस्त थे। इस साल 12वीं कक्षा पास की थी। इस बीच तीनों सोमवार को भाटापारा कॉलेज में एडमिशन के लिए गए थे। वहां से लौटते वक्त तीनों कॉलेज से 8 किलोमीटर दूर कुम्हारखान एनीकट में शिवनाथ नदी में नहाने के लिए चले गए। शाम 4 बजे तीनों दोस्त एनीकट पहुंचे। यहां तीनों नदी में उतरकर नहाने लगे। इस बीच उमेश साहू शिवनाथ नदी के तेज बहाव में डूबने लगा।
गांव के ही भनेश्वर यादव 15 वर्ष ने उसे डूबता देखकर शोर मचाया। उमेश बहते-बहते नदी के तेज बहाव के बीच पहुंच गया और इसके बाद से दिखाई देना बंद हो गया। वहीं उसके दोनों दोस्त गौरव और रविशंकर बाहर जैसे-तैसे बाहर निकल आए। दोनों उमेश के बाहर निकलने का इंतजार किए और फिर तुरंत उसके घरवालों को सूचना दी। उधर सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, साथ ही पुलिस थाने को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर सेना के गोताखोरों की टीम पहुंची।
गोताखोर शिवनाथ नदी में उतरे, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल सका। अंधेरा हो जाने के कारण सोमवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा था। मंगलवार को सुबह दोबारा से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चल सका है। नगर सेना की टीम मदकुद्वीप तक युवक की तलाश कर रही है। मौके पर उमेश के परिजन, उसके दोनों दोस्त और गांव वाले मौजूद हैं।

