जगदलपुर : जिले के परपा थाना क्षेत्र के ग्राम मारेंगा में दर्दनाक हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई। निर्माणाधीन घर में बने सेप्टिक टैंक में डूबने से 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। बता दें कि मारेंगा गांव के एक परिवार में 3 वर्षीय सुमीत बुधवार शाम के समय अचानक घर से गायब हो गया. जिसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस बीच परिजनों ने नवनिर्मित घर के अंदर बने सेप्टिक टैंक में मासूम को देखा और उसे टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी, मासूम ने दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद से परिवार सहित गांव में मातम छा गया है। परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। इस घटना की जानकारी मिलने पर परपा पुलिस गांव पहुंची। बस्तर में बीते 2 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण छोटे-बड़े नदी नाले और गड्ढे पूरी तरह पानी से भरे हुए हैं। सेप्टिक टैंक में भी पानी भरा हुआ था। जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया।

