मनेन्द्रगढ़ : मनेन्द्रगढ़ से शिक्षा को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गंजेड़ी हेडमास्टर की करतूत ने सबको हैरान करके रख दिया है। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में क्लासरूम में बच्चों के सामने ही गांजा पीते स्कूल हेडमास्टर दिखाई दे रहे है। है पूरा मामला जनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोल्ही के शासकीय प्राथमिक शाला का है। नशेड़ी हेडमास्टर का नाम शम्भू वर्मा है।
बताया जाता है कि प्रधानपाठक जिस समय गांजा फूंक रहे थे, उस दौरान क्लासरूम में प्राथमिक शाला के बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। वीडियो बनाने वाले ने प्रधानपाठक से कहा कि आप स्कूल में बच्चों के सामने ही गांजा पी रहे है, ऐसे में बच्चे क्या सीखेंगे?.. इतने में हेडमास्टर हंसते हुए बोलने लगे कि सब सीख जाएंगे। हेडमास्टर पर ये भी आरोप है कि गुरुजी नशेड़ी है और आये दिन शराब या फिर गांजे के नशे में ही स्कूल पहुंच जाते है।
इधर, वीडियो की शिकायत MCB शिक्षा विभाग को लगते ही बीईओ को जांच प्रतिवेदन बनाकर भेजने को कहा गया है। हेडमास्टर की रिपोर्ट आने पर शिक्षा विभाग उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कह रहे है। बता दें, इस तरह की वारदातें शिक्षकों द्वारा दिन-ब-दिन देखने को मिल रही है। अगर शिक्षक ही इस तरह करेंगे तो बच्चों को सही शिक्षा मिलना मुश्किल हो जाएगा।

