नई दिल्ली : साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने को हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों के पास चुनावी तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। भाजपा को आगामी चुनाव में हराने के लिए 15 विपक्षी दलों की पटना में एक बड़ी बैठक चल रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी विपक्षी दलों की एक बड़ी बैठक बुलाई है जिसमे शामिल होने के लिए राहुल गांधी, शरद पवार, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, तेसस्वी यादव, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल समेत कई दलों के नेता सीएम हाउस में मौजूद हैं।
बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भाजपा कहीं दिखाई नहीं दे रही है। तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बन रही है। पूरा देश समझ गया है कि नरेंद्र मोदी और भाजपा का मतलब सिर्फ 2-3 लोगों को फायदा पहुंचाना है वहीं कांग्रेस का मतलब देश के गरीबों के साथ खड़े होना और उनके लिए काम करना है। देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है एक हमारी भारत जोड़ो की और एक तरफ भाजपा की भारत तोड़ो विचारधारा की…भाजपा हिंदूस्तान को तोड़ने, नफरत और हिंसा फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस जोड़ने का काम कर रही है।
कर्नाटक में BJP ने जीत के दावे किए, लेकिन कांग्रेस पार्टी एक साथ खड़ी हो गई। कर्नाटक से BJP गायब हो गई। तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में भी BJP दिखाई नहीं देगी, कांग्रेस जीतेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा – इस कांग्रेस ऑफिस से जो भी नेता निकला वे देश के आजादी के लिए लड़ा। हमें गर्व है कि देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद जी इसी धरती से थे…अगर हम बिहार जीत गए तो सारे भारत में हम जीत जाएंगे। वहीँ विपक्षी दलों की बैठक पर भाजपा ने भी पलटवार करना शुरु कर दिया है।
स्मृति ईरानी ने कहा – मैं विशेषतौर पर कांग्रेस पार्टी का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने सार्वजनिक तौर पर यह घोषित कर दिया कि कांग्रेस PM मोदी को अकेले हराने में नाकाम है, उन्हें सहारे की ज़रूरत है। वहीँ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी विपक्ष की बैठक पर हमला बोलते हुए कहा कि आज पटना में एक फोटो सेशन चल रहा है। सारे विपक्ष के नेता एक मंच पर आ रहे हैं और संदेश देना चाहते हैं कि हम भाजपा और मोदी जी को चुनौती देंगे। मैं विपक्ष के नेताओं को कहना चाहता हूं कि कितने भी हाथ मिला लो आप एक साथ नहीं आ सकते हैं और आ भी गए तो 2024 में मोदी जी का 300 से ज्यादा सीटों के साथ आना तय है।

