रायपुर : जिले के माना थाना क्षेत्र स्थित डूमरतराई थोक बाजार स्थित एमआर स्टोर दुकान से लाखों रूपये नगदी चोरी करने वाले कर्मचारी को पुलिस के टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी रकम 4 लाख 72 हजार 600 रूपए, ड्रायविंग लाइसेंस, आधार कार्ड व पेनकार्ड जब्त किया है।
बता दें कि व्यापारी अजय कुमार जयसिंघानी ने थाना में शिकायत किया था कि एमआर स्टोर के नाम से उसका दुकान है जिसमें वह कोल्ड्रींक, पानी एवं कन्फेंसनरी सामान का व्यवसाय करता है। 23 तारीख को वह सुबह अपने घर से एक ग्रे कलर बैग में 5,85,000 रूपए नगद लेकर दुकान गया तथा करीब 11.50 बजे दुकान खोलकर बैग सहित नगदी रकम को दुकान के गल्ला में रखा। उसी समय दुकान में ग्राहक एवं हमालों की भीड लग गई।
प्रार्थी दुकान में अकेला था तथा सामान लेन-देन कर रहा था। प्रार्थी नगदी रकम को गल्ला में रखने के करीब 10 मिनट बाद पुनः गल्ला खोलकर गल्ले में रखे बैग से चिल्हर 10 की गड्डी निकालकर गल्ले में रखा और बैग को पुनः रख दिया। जिसके बाद लगभग 20 मिनट तक दुकान के ग्राहकों को सामान लेन-देन करते रहा और करीब 20 मिनट बाद गल्ला खोलकर देखा तो गल्ले में रखा बैग सहित नगदी रकम 5,85,000 रूपए गायब था।
बैग में प्रार्थी का ड्राईविंग लायसेंस, आधार कार्ड, पेन कार्ड भी रखा हुआ था। जिससे पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में काम करते वाला आरोपी सुरेश चक्रधारी 21 वर्ष निवासी एकता नगर टेमरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर रकम से भरे बैग को जब्त कर लिया है।
