रायपुर : राजधानी के एक पार्षद और उनके बेटे के साथ ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। ब्लैकमेल करने वाला और कोई नहीं बल्कि उनकी बीमार सास की केयरटेकर थी। आरोपी युवती पार्षद से 10 लाख रुपए की डिमांड कर रही थी। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। पार्षद महंत लक्ष्मीनारायण वार्ड – 43 के जितेंद्र अग्रवाल हैं।
उन्होंने अपनी सास की देखभाल के लिए आदर्श सेवा संस्था से बुलवाया था जिसके बाद हेमिन साहू उर्फ खेमिन साहू को केयरटेकर के तौर पर घर में उनकी सास की सेवा करने के लिए भेजा। युवती ने कुछ दिनों बाद ही घर की वीडियो रिकॉर्डिंग करनी शुरु कर दी। मौक़ा पाते ही अपने साथी भीखम जैन को यहां की सारी जानकारी देने लगी।
युवती पार्षद के बेटे सुशांत अग्रवाल को मैसेज और कॉल करने लगी और अश्लील बातें करने लगी। बेटे ने अपने पिता को इस पूरे मामले की जानकारी दी। पिता जितेंद्र अग्रवाल को युवती की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, तो उन्होंने इसकी सूचना 13 मई को आदर्श संस्था को दी और आरोपी हेमिन साहू को घर आने से मना कर दिया।
काम से निकालने के बाद युवती ने 14 मई को पार्षद को फोन पर धमकी दी कि अगर वह 10 लाख रुपये नहीं देंगे, तो वह उनके बेटे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करा देगी। इसके बाद आरोपी युवती ने डीडी नगर थाने में जाकर पार्षद के बेटे सुशांत अग्रवाल के खिलाफ छेड़छाड़ की झूठी शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपी युवती हेमिन साहू और उसके दोस्त भीखम जैन को गिरफ्तार कर लिया।
