जगदलपुर : भरोसे का कार्यक्रम में शामिल होने आज गुरूवार को प्रियंका गांधी जगदलपुर पहुंच गई है। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ समेत कई अधिकारी पहुंचे। प्रियंका गांधी ने राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं योजनाओं की सराहना की।

उन्होंने “मनवा नवा नार” स्टॉल पर बस्तर में राज्य सरकार के विश्वास, विकास और सुरक्षा की उपलब्धियों को सराहा। साथ ही उन्होंने ग्राम उद्योग विभाग द्वारा रेशम से बनाए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। इस मौके पर एसएचजी की महिलाओं ने प्रियंका गांधी वाड्रा को कोसा की साड़ी भेंट की। अबूझमाड़ की महिलाओं ने विशिष्ट अथिति प्रियंका गांधी को बांस शिल्प से बने उत्पाद भेंट किये।

प्रियंका गांधी ने यहां बस्तर फाइटर्स की जवानों से भी मुलाकात की और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। प्रियंका गांधी ने काजू प्रसंस्करण केंद्र के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने बस्तर के काजू का लिया स्वाद, तारीफ की। आमचो बस्तर स्टॉल में प्रियंका गांधी ने मिट्टी एवं तांबे के बर्तन की ढलाई करते कारीगरों से बात की। प्रियंका गांधी वाड्रा ने मिलेट्स से बने बिस्किट का भी स्वाद लिया।

