रायपुर : कांग्रेस के पूर्व सांसद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता आज रद्द कर दी गई है। मानहानि मामले में लोकसभा ने उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया है जिसका नोटिफिकेशन लोकसभा सचिवालय ने भी जारी कर दिया।
राहुल गांधी 23 मार्च 2023 से लोकसभा में अयोग्य घोषित किये गए हैं। लोकसभा सचिवालय ने ये पत्र जारी किया है जिसके बाद उनकी संसद सदस्यता ख़त्म हो गई। बता दें कि कल गुरूवार को राहुल गांधी को सूरत सेशंस कोर्ट ने मानहानि केस में 2 साल की सजा सुनाई थी। इस मामले में सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा – प्रधानमंत्री अडानी के मामले में सेबी से कब जांच कराएंगे? सारी तत्परता विपक्षी लोगों के लिए है। इस देश में क्या 2 कानून हैं ? भूपेश बघेल ने केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू को भी घेरा है। उन्होंने कहा – भारत के कानून मंत्री बयान दे रहे हैं। न्यायालय विपक्ष की भूमिका ना निभाएं। इसका मतलब यह है कि न्यायालय को भी धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। संवैधानिक संस्थाओं को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
सीएम ने इस मामले में ट्वीट भी किया और लिखा – तानाशाह का सबसे बड़ा डर होता है कि उससे लोग डरना बंद न कर दें। आप उसे डराना चाहते हैं जो पूरे देश को कह रहा है “डरो मत”। इंदिरा जी के साथ भी यही भूल की थी कुछ लोगों ने, बाकि फिर इतिहास है। यहीं मिलेंगे जनता की अदालत में। जनता होगी, जननेता होगा..नहीं होगा तो सिर्फ़ डर और तानाशाह।
तानाशाह का सबसे बड़ा डर होता है कि उससे लोग डरना बंद न कर दें.
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) March 24, 2023
आप उसे डराना चाहते हैं जो पूरे देश को कह रहा है “डरो मत”
इंदिरा जी के साथ भी यही भूल की थी कुछ लोगों ने, बाकि फिर इतिहास है.
यहीं मिलेंगे जनता की अदालत में. जनता होगी, जननेता होगा..नहीं होगा तो सिर्फ़ डर और तानाशाह
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी केंद्र पर तीखा हमला बोलते हुए कहा – उन्हें सच बोलने वालों को सदन के अंदर रखना नहीं है इसलिए वे सदन के बाहर रख रहे हैं। लेकिन हम सदन के अंदर भी बोलेंगे और बाहर भी बोलेंगे, पब्लिक मीटिंग होती है उसमे भी बोलते रहेंगे। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा – राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करना मोदी सरकार की प्रतिशोध की नीति का उदाहरण है।
भारत जोड़ो यात्रा से राहुल गांधी की लोकप्रियता बहुत बढ़ी है और मोदी सरकार को यही हजम नहीं हो रहा। उन्हें लग रहा है कि राहुल गांधी का मुंह बंद करना होगा क्योंकि अगर उन्हें बोलने दिया गया तो BJP सरकार से बाहर हो जाएगी।
गुरूवार को सूरत कोर्ट ने सुनाई थी सजा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सूरत सेंशस कोर्ट ने कल गुरूवार को 2 साल की सजा सुनाई है। इस मामले में सजा का एलान हो गया था और इसी से अंदाजा लगाया जा रहा था कि उनकी लोकसभा सदस्यता जा सकती है। वहीँ इसके बाद उनकी जमानत पर सुनवाई की गई जिसके बाद उन्हें बेल भी दे दी गई है। उन्हें 30 दिन का वक्त दिया गया है और ऊपरी अदालत में जाकर वे अपील कर सकते हैं।
कोर्ट ने उनकी सजा पर 30 दिनों के लिए रोक लगा दी है। राहुल गांधी के एडवोकेट किरीट पानवाला ने बताया कि चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट एचएच वर्मा की कोर्ट ने पिछले हफ्ते दोनों पक्षों की दलीलों की अंतिम सुनवाई की और निर्णय सुनाने के लिए 23 मार्च की तारीख तय की थी। राहुल गांधी के खिलाफ आईपीसी की धारा 499 और 500 (मानहानि) के तहत केस दर्ज है।
मोदी सरनेम को लेकर दिया था विवादित बयान
बता दें, साल 2019 में मोदी सरनेम को लेकर उन्होंने विवादित बयान दिया था। इस मामले में उन पर मानहानि किया गया था जिसके बाद कल मामले की सुनवाई सूरत में हुई। पेशी के दौरान राहुल गांधी ने कहा – मैंने जानबूझकर बयान नहीं दिया है। वहीँ राहुल के वकील ने सजा कम करने की अपील की थी।
