रायपुर : केंद्र के खिलाफ आज सोमवार को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राजभवन घेराव कर रही है। इस घेराव कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम, स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव समेत सैंकड़ों की तादात में नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। कांग्रेस का ये प्रदर्शन पूरे देशभर में हो रहा है।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट आने के बाद अडानी मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र को जमकर घेरा है। अंबेडकर चौक पर कांग्रेस की जनसभा हुई जिसमे सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र को जमकर घेरा। सीएम ने कहा – जो किराए के घर में रहते हैं उनके घर पर ED छापा मारती है। जहां करोड़ों का घोटाला हुआ वहां ED नहीं जाती है। सीएम ने आगे कहा – केंद्र ने सरकारी एजेंसियों पर कब्जा किया हुआ है। SBI और LIC का पैसा अडानी को दे दिया गया है।

सीएम ने कहा कि हिंडनबर्ग क्या प्रकाशित हुआ दुनिया के दूसरे नंबर का अमीर आदमी गिरते-गिरते कौन से नंबर पर आ गया कि अब कोई पूछ नहीं रहा। आखिर उस पेपर में ऐसा क्या था कि जिसके आते ही शेयर मार्केट लगातार गिरता चला गया और दो बार बंद करना पड़ा। जब उनका शेयर गिर रहा है तो फिर भी उन्हें पैसा दिया जा रहा है, ये किसके इशारे पर दिया जा रहा है और क्यों दिया जा रहा है? जो जहाज डूबने वाला है उससे पहले चूहे भागते है फिर इंसान धीरे-धीरे बाहर आता है लेकिन इसमें और डालने वाला कौन है?

जो आदमी किराए के मकान में रहता है उसके यहां ED छापा मारती है लेकिन जहां करोड़ों रुपए छुपा है वहां ED नहीं जाएगी। सरकारी संस्थाओं को कब्जे में रख लिया गया है, लिया गया है। उन्हें जैसा निर्देश दिया जाता है वैसे-वैसे कार्रवाई होती है। LIC का पैसा फंसा हुआ है, बैंकों का पैसा फंसा है क्यों इसकी जांच नहीं की जा रही इसी मुद्दे को लेकर ये घेराव किया जा रहा है।
