रायपुर : होली की छुट्टियों के बाद आज सोमवार से छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र की कार्यवाही फिर से शुरु की जाएगी। पिछली बार 6 मार्च को छत्तीसगढ़ के मुख्य्मंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश का बजट पेश किया था जिसमे उन्होंने प्रदेशवासियों को कई सौगातें दी थी। इसके बाद 7 से 12 मार्च तक होली की वजह से विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।
आज कई विवादित मुद्दों पर हंगामे के आसार हैं। पूर्व सांसद सोहन पोटाई के निधन पर सभी सदस्य उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला चलेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत का उत्खनन एवं व्यवसाय नियम 2023 पटल पर रखेंगे। माना जा रहा है कि इस नियम में कुछ बदलाव किए जा रहे हैं।
कांग्रेस के सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप जुनेजा, शैलेश पांडे रायपुर के तेलीबांधा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में गाइडलाइन का पालन नहीं किए जाने को लेकर लोक निर्माण मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। इस मुद्दे को लेकर सदन में हंगामा होने के आसार हैं। वहीँ आज दोपहर को कांग्रेस का एक बड़ा विरोध प्रदर्शन रायपुर में राजभवन के करीब होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर के वक्त विधानसभा की शुरुआती कार्यवाही खत्म करने के बाद इस विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हो सकते हैं । प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगी।
