रायपुर : छत्तीसगढ़ की उम्मीदों का बजट आज दोपहर पेश होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बतौर मुख्यमंत्री अपने इस कार्यकाल का आखिरी बजट पेश करेंगे। चुनावी साल में पेश हो रहे इस बजट पर हर वर्ग की नजर है।
मुख्यमंत्री ने जिस तरह से बजट के पहले संकेत दिये हैं, उससे एक बात तो साफ है कि बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा जायेगा। किसान और युवा इस बार के बजट में मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में होंगे। वहीं महिलाओं के लिए भी नयी योजनाओं का ऐलान होगा। कर्मचारियों के लिए कुछ बड़ी घोषणा नहीं हैं। शिक्षकों की भर्ती और आत्मानंद स्कूलों, आत्मानंद कॉलेज के अलावे कुछ ITI खोलने का ऐलान कर आज मुख्यमंत्री करेंगे। नयी भर्तियों की घोषणा भी आज मुख्यमंत्री बजट में करेंगे, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री कुछ बड़ा तोहफा दे सकते हैं।
2500 रूपये तक हो सकता है बेरोजगारी भत्ता
बेरोजगारी भत्ता को लेकर आज मुख्यमंत्री बड़ा ऐलान करेंगे। सूत्रों के मुताबिक बेरोजगारी युवकों को 2000 और युवतियों-दिव्यांगों को 2500 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता राज्य देने का ऐलान कर सकती है। इससे पहले 3 मार्च को झारखंड में भी बजट में बेरोजगारी भत्ता देने का राज्य सरकार ने ऐलान किया था, लेकिन वहां 1000 रुपये युवाओं को और महिलाओं व दिव्यांगों को 1500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की गयी थी। बेरोजगारी भत्ता को लेकर राज्य सरकार में आज बेरोजगारी भत्ता का ऐलान के साथ-साथ उसके नियम और शर्तों की भी घोषणा कर सकती है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल जबकि बजट पेश करेंगे तो बेरोज़गारी भत्ते का भी एलान करेंगे। यह बेरोजगारी भत्ता नियम शर्तों के अधीन देय होगा। इन नियमों में दो साल का रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन, माता पिता में किसी का सरकारी नौकरी में ना होना, वार्षिक आय एक लाख रुपए तक होना, न्यूनतम बारहवीं पास होना, किसी भी अन्य स्त्रोत से आय अर्जित नहीं करना और यदि परिवार में चार शिक्षित बेरोजगार हैं तो उनमें से केवल एक को ही बेरोजगारी भत्ते का लाभ मिलेगा जैसी शर्तें शामिल हैं।
युवा और महिलाओं के लिए बजट में हो सकता है ऐलान
महिला सुरक्षा और महिल शिक्षा को लेकर आज के बजट में बड़ा ऐलान होगा। आज के बजट में बेहद अहम योजना महिलाओं को लेकर भी केंद्रित हैं। यह योजना महिलाओं को लामबंद होकर वोट के लिए कितना प्रेरित करेगी, कहना मुश्किल है लेकिन महिलाओं के लिए कुछ खास इस बजट में समाहित होने के संकेत हैं।संकेत हैं कि यह बजट राज्य के हर उस वर्ग को आकर्षित करेगा जिसमें वोट की सामूहिक शक्ति है। क़यास हैं कि यह बजट इन वर्गों को लामबंद होकर वोट करा सकने की आकर्षक स्कीम ला रहा है। इसमें युवा और महिला वर्ग बजट के लुभावने वादों के केंद्र में हो सकते हैं।
ITI के जरिये कौशल उन्नयन करने की योजना
इस बजट में एक और आकर्षण आईटीआई से जुड़ा है। प्रदेश की क़रीब 36 आईटीआई में अत्याधुनिक ट्रेड लगाए जाएंगे, ये ट्रेड ऐसे होंगे जो आईटीआई की मान्य पहचान को पीछे छोड़ देंगे। इनमें कंम्प्यूटर इंटरनेट जैसे ट्रेड शामिल होंगे यह ट्रेंड कुछ इस तरह के होंगे कि, कंपनियां सीधे ITI से छात्रों को नौकरी का ऑफर देने आएंगी।
कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा की उम्मीद नहीं
कर्मचारियों के लिए कुछ बड़ी घोषणा की उम्मीद आज के बजट में नहीं है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक कर्मचारियों की अभी ज्यादातर मांगें स्थापना व्यय से है। वैसे भी DA-HRA जैसी मांगें कभी भी बजट का हिस्सा नहीं रही है। वेतन विसंगति को लेकर भी इस बजट में प्रावधान नहीं होने के संकेत मिले हैं। ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि विसंगति और कर्मचारियों की मांगों को लेकर बनी कमेटी की रिपोर्ट अभी नहीं आयी है। ऐसे में माना जा रहा है कि जुलाई तक अनुपूरक बजट में कर्मचारियों के मुद्दे पर सरकार कुछ निर्णय लेगी। मुख्य बजट में कर्मचारियों की ज्यादा मांगें नहीं है।
अनियमित कर्मचारियों के नियमितिकरण का इंतजार
अनियमित कर्मचारियों के मुद्दे पर राज्य सराकर कुछ बड़े ऐलान कर सकते हैं। राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से नियमितिकरण करने की योजना बना रही है। लिहाजा, आज अनियमित कर्मचारियों के मुद्दे पर राज्य सरकार कुछ बड़ी घोषणा कर सकती है। हालांकि अनियमित कर्मचारियों को सीधे नियमित किया जायेगा या फिर नियमितिकरण के लिए परीक्षा व अन्य छूट की शर्ते रहेगी, इसे लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
