रायपुर। छत्तीसगढ़ में कई बड़े कांग्रेसी नेताओं के घर ईडी ने सोमवार तड़के छापेमारी की है। ईडी के कार्रवाई पर कांग्रेस केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है तो वही जिन कांग्रेस नेताओं के यहां ईडी ने कार्रवाई की है. वहां कांग्रेसी कार्यकर्ता विरोध करने पहुंचे हुए है।
रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया और ईडी के अधिकारी से टॉर्चर ना करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच विनोद तिवारी की बुजुर्ग माता के स्वास्थ्य को लेकर ईडी के अधिकारियों से शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे की बहस हो गई.
इनके यहां पड़ा छापा
प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल और विनोद तिवारी पर एजेंसी ने एक्शन लिया है। इनसे जुड़े रायपुर की श्रीराम नगर, डीडी नगर, गीतांजलि नगर, मोवा में छापे मारे गए।
खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और सारंगढ़ विधायक चंद्रदेव राय के घर भी कार्रवाई चल रही है। भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव और उनके भाई धर्मेंद्र यादव के यहां ED का छापा पड़ा। एक दिन पहले ही विधायक देवेंद्र का जन्मदिन था। देवेंद्र यादव के भिलाई और रायपुर में सरकारी बंगले पर टीमों ने छापा मारा।
