गौरेला पेंड्रा मरवाही:- पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर गांव के पास हार्वेस्टर और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि हार्वेस्टर की टक्कर से युवक का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया.
युवक का सिर धड़ से अलग हुआ
मृतकों की पहचान बस्ती बगरा निवासी 17 वर्षीय दुलरिया बाई और घाटबहरा निवासी मुकेश पोर्ते के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से पेंड्रा से घर जा रहे थे, इसी दौरान अमरपुर गांव के पास सामने से आ रहे हार्वेस्टर से उनकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौत हो गई. वहीं नाबालिग लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई थी.
अस्पताल पहुंचने से पहले नाबालिग की भी मौत
घटना की सूचना मिलने पर 112 एवं हाईवे पेट्रोलिंग आपातकालीन सेवा की मदद से दोनों को गौरेला जिला अस्पताल लाया गए. लेकिन जिला अस्पताल के डॉक्टर ने नाबालिग को भी मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में शवों को सुरक्षित मरचुरी में रखवाया गया है. परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया.
हार्वेस्टर चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
इधर, घटना के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया. पेंड्रा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ फरार चालक की तलाश कर रही है. पेंड्रा पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

