दक्षिण दिनाजपुर:- पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी है. यह मामला बुधवार को जिले के गंगारामपुर शहर के नारायणपुर इलाके में स्थित वार्ड नंबर 4 से सामने आई है, जहां आरोपी पति अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर इलाके में घूमता नजर आया. इस घटना के बाद से स्थानीय लोग काफी डरे हुए हैं.
पति ने पत्नी का किया मर्डर
आरोपी को एक मंदिर में दोनों हाथ ऊपर करके बैठे हुए देखा गया था. सूचना मिलने पर गंगारामपुर थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. उन्होंने महिला का शव बरामद किया और उसे पुलिस स्टेशन ले गए. आरोपी पति को भी हिरासत में ले लिया गया है.मृतक की पहचान हो गई है. पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार बरामद किया है. जांचकर्ताओं को शुरू में संदेह है कि हत्या वैवाहिक विवाद के कारण हुई है. हालांकि, पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच कर रही है.
इस मामले को लेकर गंगारामपुर उपमंडल के पुलिस अधिकारी सुभोतोष सरकार ने बताया कि गंगारामपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 4 में एक घटना घटी. मौके पर पहुंची पुलिस ने एक शव बरामद किया और एक युवक को हिरासत में लिया है. गंगारामपुर पुलिस स्टेशन ने घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.

