बिलासपुर :- जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय ऑपरेटर अमन साहू की मौत हो गई। घटना के बाद बिजली विभाग और ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जोखिम भरे काम के बावजूद ऑपरेटर को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
रातभर ड्यूटी के बाद सुबह कार्यालय में मिला अचेत
जानकारी के अनुसार, घटना हिर्री थाना क्षेत्र की है। अमन साहू ठेका कंपनी के माध्यम से कुरेली बिजली सब स्टेशन में स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि बीती रात वह ड्यूटी पर तैनात था। सुबह जब रिलीवर ऑपरेटर ड्यूटी संभालने पहुंचा, तो अमन कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, पंचनामा कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ऑपरेटर की मौत की वास्तविक वजह क्या रही, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने का आरोप, विभाग की जवाबदेही पर सवाल
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल बिजली सब स्टेशन में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर उठ रहा है। आरोप है कि ऑपरेटर को काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। हालांकि, सुरक्षा मानकों के पालन और ठेका कंपनी की जिम्मेदारी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

