कबीरधाम :- कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी से करीब 50 लाख रुपये की लूट की वारदात सामने आई है. मंगलवार देर शाम बाजार से कारोबार कर लौट रहे पांडातराई निवासी सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी को दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने निशाना बनाया. आरोपियों ने डंडे से हमला कर उनकी बाइक रुकवाई और मारपीट करने के बाद जेवरात और नकदी से भरा थैला लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
घात लगाकर हमला
पीड़ित के अनुसार वेदप्रकाश सोनी अलग-अलग बाजारों में जाकर सोने-चांदी के जेवरों का कारोबार करते हैं. मंगलवार देर शाम वह दलदली जंगल के रास्ते बाजार कर वापस लौट रहे थे.इसी दौरान तरेगांव जंगल थाना से करीब एक किलोमीटर दूर मछरी रेवार के पास घात लगाए बैठे छह बदमाशों ने उनकी बाइक को रोक लिया. अचानक हुए हमले से व्यापारी संभल नहीं पाए. आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और थैले में रखे जेवरात और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए.घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

