धमतरी :- धमतरी जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 गायों को मुक्त कराया है. कुरुद पुलिस ने मरौद टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर एक ट्रक को जब्त किया. ट्रकों में गायों को ठूंसकर ले जाया जा रहा था. मामले में बिलासपुर और कोरबा जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने ट्रक और गायों समेत करीब 20 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है.
गौवंशों को कत्लखाने ले जाए जाने की आशंका
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर नजर रखी जा रही है. इसी दौरान कुरुद पुलिस को सूचना मिली कि एक छह चक्का ट्रक में गायों को भरकर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मरौद टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान ट्रक में 10 गायें मिलीं.
गौ तस्करी के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
एएसपी डीसी पटेल ने बताया कि गायों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था और उनके लिए पर्याप्त दाना-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी. प्रारंभिक जांच में गोवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका जताई गई है. पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया.

