जांजगीर चांपा:- जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उनके साथ शराब पीने वाले तीसरे व्यक्ति की हालत खराब है. मृतकों में बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े और निजी क्लीनिक संचालक जोहितराम खरे शामिल हैं. दोनों ने बिलासपुर के सिम्स और अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. चौथे व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है.
शुक्रवार देर रात की घटना
शुक्रवार देर रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े अपने तीन साथियों के साथ देसी शराब पी रहे थे. इसी दौरान रामखिलावन जांगड़े और जोहितराम खरे की तबीयत अचानक बिगड़ गई. दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया. रामखिलावन जांगड़े को सिम्स अस्पताल और जोहितराम खरे को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई.
शराब पीने वाले तीसरे व्यक्ति कमल नाथ खरे उर्फ राजा की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई. उसे उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. शराब पीने वाले चौथे शख्स मुकेश कश्यप उर्फ गोलू से पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस चारों के शराब सेवन से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

