मुंबई:- अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। हमले के बाद फरार हुए संदिग्धों की पल्सर बाइक अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर से बरामद की गई है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस इन तस्वीरों और बाइक के रिकॉर्ड के जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
बाइक छोड़कर भागे हमलावर
शुरुआती जांच के मुताबिक, रविवार, 18 अक्टूबर की शाम जुहू में वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों संदिग्ध बाइक से अंधेरी की ओर निकले थे। इसके बाद स्टेशन के बाहर बाइक छोड़ दी गई। बरामद वाहन मुंबई में पंजीकृत बताया जा रहा है।पुलिस नंबर प्लेट के साथ चेसिस और इंजन नंबर की जानकारी खंगाल रही है। आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि बाइक छोड़ने के बाद संदिग्ध किस दिशा में गए। सीसीटीवी में दिखाई दिए दो संदिग्ध सफेद शर्ट पहने हुए हैं।
फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुई फायरिंग
टाइगर श्रॉफ जुहू में फुटबॉल खेलने के बाद लौट रहे थे, तभी उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। अभिनेता को गोली नहीं लगी, जबकि उनके ड्राइवर सहित दो लोग घायल हुए।घटना के बाद सामने आए वीडियो में टाइगर कार की ड्राइविंग सीट संभालते दिखाई दिए। रिपोर्ट के मुताबिक, वह घायल ड्राइवर को उपचार के लिए नानावटी अस्पताल लेकर गए। पुलिस घटनास्थल के फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हमले का घटनाक्रम स्पष्ट कर रही है।
तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। हमले की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है।घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अभिनेता के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं। शिंदे ने परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

