रायपुर:- सिविल लाइन थाना क्षेत्र से 2 इंटरस्टेट तस्करों सहित 3 गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लगभग 85 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. गांजे का बाजार मूल्य लगभग 43 लाख है. गांजा जब्त करने के साथ ही गांजा तस्करी में उपयोग किए गए कार और 4 मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है. बरामद सामानों की कुल कीमत 58 लाख है.
43 लाख का 85 किलो गांजा पकड़ा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा के बलांगीर से गांजा लाने की बात बताई है. पूरी कार्रवाई सिविल लाइन पुलिस, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने संयुक्त रूप से की है. सिविल लाइन पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की है. क्राइम एंड साइबर DCP स्मृतिक राजनाला ने कहा, “मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना अंतर्गत कटोरा तालाब के दुर्गा चौक मैदान के पास फोर व्हीलर गाड़ी में गांजा ले जा रहे हैं. इस सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाने कि टीम, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी करके उक्त गाड़ी की तलाशी ली और गांजा बरामद किया.
गांजा तस्करी के मामले में पकड़े गए 3 आरोपियों ने अपना नाम अनीश साहू, राकेश साहू और सूरज कलेत बताया है. जिसमें 2 आरोपी अनीश साहू और राकेश साहू मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं. वहीं तीसरा आरोपी सूरज कलेत छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले का रहने वाला है.
रायपुर कमिश्नरेट में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीमों के द्वारा अब तक NDPS एक्ट के 92 मामलों में कुल 204 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 करोड़, 9 लाख 98 हजार रूपये का गांजा जब्त किया है. जिसमें ओशन ग्रो (गांजा), प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एमडीएमए पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन (चिट्टा), ब्राउन शुगर, अफीम, नगदी रकम, चारपहिया वाहन, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, कट्टा, चाकू सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है.

