जगदलपुर :- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। फूल रथ का मार्ग अचानक बदलने के बाद रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के चलते बिजली का खंभा वहां मौजूद लोगों पर गिर पड़ा, जिससे आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
रथ बिजली के खंभे से टकराया, तारों से निकली चिंगारी
जानकारी के अनुसार, रथ परिक्रमा के दौरान रथ अचानक निर्धारित मार्ग से हटकर यामाहा शोरूम के सामने पहुंच गया। इसी दौरान रथ बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद खंभा वहां मौजूद लोगों के ऊपर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि हादसे में कई लोग चोटिल हुए हैं।
रथ के बिजली के खंभे से टकराते ही तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। गनीमत रही कि किसी के करंट की चपेट में आने की सूचना सामने नहीं आई, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था। इसी दौरान रथ की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार भी बाल-बाल बच गया।
व्यवस्था संभालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
बताया जा रहा है कि सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर अचानक रथ बढ़ने से मौके पर व्यवस्था बिगड़ गई। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने रथ खींच रहे लोगों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, काफी देर तक व्यवस्था को सामान्य करने में मशक्कत करनी पड़ी।
रथ का मार्ग बदलने को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रथ खींचने वाले समूह में शामिल कुछ लोगों ने कथित तौर पर रथ का मार्ग बदल दिया और उसे तेजी से पावर हाउस चौक की ओर खींच लिया। हालांकि, मार्ग बदलने की वास्तविक वजह और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। हादसे के चलते श्रद्धालुओं और पर्यटकों में भी चिंता का माहौल है। बस्तर दशहरा जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

