जांजगीर-चांपा:- जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। रिहायशी इलाके में रखे इन पटाखों की बिक्री भी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद बलौदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टन में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 176 किलोग्राम पटाखे बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 8.56 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
इस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर और बलौदा थाना स्टाफ की भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

