जशपुर:- जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार माता-पिता और उनके किशोर बेटे की मौत हो गई। तीनों सरडीह से अपने गांव लौट रहे थे, तभी मैनी चौक के पास हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार देर रात बगीचा थाना क्षेत्र में हुआ। कोटवार गांव निवासी नईहरसाय (52), उनकी पत्नी शांति बाई (48) और बेटा बिरहसनन (16) बाइक से सरडीह से अपने गांव सामरबार लौट रहे थे। इसी दौरान मैनी चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक तौर पर मामला अज्ञात वाहन की टक्कर का माना जा रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।साथ ही फरार वाहन और चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

