राजनांदगांव:- अज्ञात हमलावरों ने महिला और बेटे की बेरहमी से डोंगरगढ़ के चौथाना गांव में हत्या कर दी. मृतक महिला की बेटी को भी गंभीर रुप से जख्मी कर दिया गया है. जख्मी लड़की का इलाज डोंगरगढ़ के अस्पताल में जारी है. हत्या की इस वारदात को हत्यारों ने पीड़ित के घर में घुसकर अंजाम दिया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह निर्मम हत्याएं शुक्रवार रात डोंगरगढ़ कस्बे के पास स्थित चौथाना गांव में हुई.
मां बेटे की निर्मम हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावर कमला सोनकर के घर में घुस गया और उस पर और उसके बच्चों, हितेंद्र (21) और ममता (19) पर हमला किया. अधिकारी ने बताया कि मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी घायल हो गई और उसे डोंगरगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बेटी की हालत गंभीर, डोंगरगढ़ में चल रहा इलाज
जांच अधिकारी ने बताया कि घटना के समय कमला का पति घर से बाहर था, और जब वह वापस लौटा तो उसने खून से लथपथ दृश्य देखा. उन्होंने आगे बताया कि पुलिस हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से कुछ सबूत जुटाए हैं. जांच के बाद ये साफ हो पाएगा कि हत्या की इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं. दोहरे हत्याकांड की इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है.

