कच्छ (गुजरात): गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार को एक ट्रक की पिकअप से भिड़ंत हो जाने से सात श्रमिकों की मौत हो गई. वहीं हादले में 20 से 22 लोग घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि यह हादसा तड़के तीन बजे से चार बजे के बीच खावड़ा के पास रिन्यूएबल एनर्जी पार्क के भीतर हुआ. शुरुआती जांच से पता चला है कि पिकअप बोलेरो में सीमेंट लदी थी और उसमें लगभग 30 मज़दूर सवार थे.
चीख-पुकार से गूंज उठा इलाका
कच्छ के पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा ने ईटीवी भारत को फोन पर बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे, आरी चेक-पोस्ट और आरी पार्क के बीच दो गाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं. एक गाड़ी दूसरी गाड़ी के ऊपर चढ़ गई, जिससे सात लोगों की मौत हो गई. घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है. यह हादसा तब हुआ जब मजदूर आरी पार्क में अपना काम पूरा करके लौट रहे थे.हादसा इतना भीषण था कि मजदूरों को ले जा रही पिकअप पूरी तरह पिचक गई. वहीं घटनास्थल पर लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा.
भुज अस्पताल में पोस्टमार्टम
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. आरी पार्क इलाके में अपनी तरह का यह पहला बड़ा हादसा है. घटना के बाद, शवों को पहले खावड़ा ले जाया गया. इसके बाद, पोस्टमार्टम के लिए उन्हें भुज ले जाने की व्यवस्था की गई.
हादसे की पुलिस जांच
पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वे अभी हादसे की वजह और टक्कर के हालात समेत कई पहलुओं की जांच कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
