दुर्ग :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सेवा सेतु के माध्यम से महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त 67 लाख 38 हजार से अधिक माताओं-बहनों को जारी किए. सीएम साय ने 632.40 करोड़ की राशि महिलाओं के खातों में सीधे अंतरित की. इस मौके पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव,दुर्ग सांसद विजय बघेल,अन्य जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
माताओं और बहनों को सशक्त बनाना लक्ष्य
इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और उनका आर्थिक सशक्तीकरण हमारी सरकार के लिए केवल एक योजना या कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुशासन की प्रमुख प्राथमिकता है.हमारा विश्वास है कि जब परिवार की महिला आर्थिक रूप से सशक्त होती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। बच्चों की शिक्षा और पोषण से लेकर परिवार के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़े निर्णयों तक उसकी भागीदारी और मजबूत होती है. इसलिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से सरकार माताओं-बहनों के हाथों में आर्थिक सामर्थ्य देकर उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने का आत्मविश्वास दे रही है.

