धमतरी: जिले के रुद्री थाना क्षेत्र में डायल 112 में पदस्थ एक आरक्षक ने कंट्रोल रूम के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया.नाइट ड्यूटी के दौरान आरक्षक ने दी जान
मृत आरक्षक की पहचान ओंकार सोनवानी के रूप में हुई है. वह बंगोली, कुरूद का रहने वाला बताया जा रहा है और डायल 112 में पदस्थ था. बताया जा रहा है कि आरक्षक नाइट ड्यूटी के लिए रुद्री थाना के बाजू स्थित डायल 112 कंट्रोल रूम पहुंचा था. रात में आरक्षक ने कंट्रोल रूम में ही फांसी लगा ली. कुछ समय बाद जब पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और बिना देर किए उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने आरक्षक को मृत घोषित कर दिया.
धमतरी पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है. कंट्रोल रूम में आरक्षक किन परिस्थितियों में पहुंचा, घटना से पहले उसकी किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और आत्महत्या से पहले उसके व्यवहार में किसी तरह का बदलाव था या नहीं, इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है.

