धमतरी/कोंडागांव/सुकमा:- छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में विज्ञापन के जरिए कई नौकरियां निकली हैं. धमतरी जिले में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. वहीं कोंडागांव और सुकमा में भी अलग-अलग विभाग में भर्ती निकली है. जानिए जॉब से जुड़ी सभी भर्ती की पूरी जानकारी और प्रक्रिया.
धमतरी में लेखापाल की भर्ती
धमतरी में जनपद स्तर पर लेखापाल के रिक्त पदों पर संविदा भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया है. कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी ने ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिये गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ के तहत ये विज्ञापन जारी किया है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं.
4 पदों पर भर्ती, बी.कॉम पास युवाओं को मौका
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए जनपद स्तर पर कुल 04 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिसमें सामान्य (महिला) के लिए 2 पद, अनुसूचित जनजाति (मुक्त) के लिए 1 पद और अनुसूचित जनजाति (महिला) के लिए 1 पद आरक्षित किया गया है.
23 हजार महीना वेतन
इन पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को ₹23,350 प्रति माह एकमुश्त वेतन दिया जाएगा. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आवेदक के पास न्यूनतम 55% अंकों (एसटी वर्ग के लिए 50%) के साथ बी.कॉम (B.Com) की डिग्री होना अनिवार्य है. उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए, जबकि छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.
चयन प्रक्रिया और नौकरी से जुड़े कुछ जरूरी नियम
आवेदकों का चयन शैक्षणिक योग्यता (20 अंक), कंप्यूटर प्रैक्टिकल टेस्ट (50+15 अंक) और शासकीय ग्रामीण विकास योजनाओं में कार्य अनुभव (अधिकतम 15 अंक) के आधार पर किया जाएगा. कंप्यूटर टेस्ट के लिए मेरिट के आधार पर 1:10 के अनुपात में अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा.
संविदा भर्ती के रूप में नियुक्ति
यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी (संविदा) तौर पर होगी, जो शुरुआत में 28 फरवरी 2027 तक के लिए की जा रही है. बाद में कार्यक्षमता और व्यवहार के आधार पर इसे 1-1 वर्ष के लिए आगे बढ़ाया जा सकेगा. इस नौकरी में किसी भी प्रकार का पेंशन या उपदान का लाभ नहीं मिलेगा और बिना कारण बताए सेवा कभी भी समाप्त की जा सकती है. इसके अलावा, आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है.
जानिए कैसे करना है आवेदन
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को ऑफलाइन आवेदन करना होगा. योग्य अभ्यर्थी जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.dhamtari.gov.in पर जाकर आवेदन पत्र का प्रारूप डाउनलोड कर सकते हैं. आवेदन पत्र को पूरी तरह भरकर, अपने सभी जरूरी दस्तावेजों की Self-attested फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ एक बंद लिफाफे में रखना होगा. लिफाफे को 22 अक्टूबर 2026 को शाम 5:30 बजे तक केवल Registered Post या स्पीड पोस्ट के माध्यम से “मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी” के पते पर भेजना होगा.
कोंडागांव में काउंसलर पद पर भर्ती
जिला कोंडागांव अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय गोलांवड में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए काउंसलर के पद पर अस्थायी एवं संविदा आधार पर सीधी भर्ती निकाली गई है. इस पद के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन सीधे वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा, जो 06 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से विद्यालय परिसर में आयोजित होगा.
35 हजार का वेतन
आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से साइकोलॉजी या क्लीनिकल साइकोलॉजी में मास्टर्स डिग्री (M.A./M.Sc.), किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से गाइडेंस एंड काउंसलिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा और कक्षा 8वीं तक स्थानीय राज्य भाषा का ज्ञान होना अनिवार्य है.
चयनित उम्मीदवार को ₹35,400 प्रति माह का मानदेय दिया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय अपना भरा हुआ आवेदन पत्र, सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी स्वयं प्रमाणित फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर उपस्थित होना होगा.
सुकमा के कोंटा में अतिथि शिक्षक की भर्ती
जिला सुकमा के शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कोंटा में व्याख्याता के रिक्त पद के लिए गणित विषय के लिए स्थानीय अतिथि शिक्षक की भर्ती निकाली गई है. जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला परियोजना अधिकारी द्वारा विज्ञप्ति जारी की गई है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 अक्टूबर को शाम 4 बजे तक संबंधित विद्यालय के प्राचार्य के पास स्वयं उपस्थित होकर अपना पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं. इस पद के लिए आवेदक के पास गणित में Post Graduation की डिग्री होना अनिवार्य है, जबकि बी.एड. (B.Ed.) डिग्री धारकों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी.
18 हजार वेतन
इस शैक्षणिक व्यवस्था के तहत चयनित अतिथि शिक्षक को 18 हजार प्रति माह का मानदेय दिया जाएगा, जो कि कार्य दिवसों में अध्यापन के आधार पर देय होगा. यह नियुक्ति जिला सुकमा के स्थानीय निवासियों के लिए है, जिसमें ग्राम पंचायत, विकासखंड और फिर जिला स्तर के आवेदकों को वरीयता दी जाएगी. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए की जा रही यह भर्ती पूरी तरह से एक अंतरिम और अस्थायी व्यवस्था है, जिसकी कार्य अवधि अक्टूबर 2026 से अप्रैल 2027 तक या नियमित व्याख्याता के पदभार ग्रहण करने तक ही प्रभावी रहेगी.
सुकमा के दोरनापाल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर भी निकली भर्ती
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना दोरनापाल (जिला सुकमा) में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. केवल महिला उम्मीदवारों के लिए निकाली गई इस भर्ती के तहत कुन्देड, दोरनापाल, चिमलीपेन्टा और चिन्तलनार सेक्टर के केंद्रों में 4 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 3 आंगनबाड़ी सहायिका के पदों को भरा जाना है. इच्छुक उम्मीदवार इस भर्ती के लिए 7 अक्टूबर तक आधिकारिक वेबसाइट e-bharti.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं.
12वीं और 8वीं पास महिलाओं को मौका
इन पदों पर आवेदन करने के लिए महिला उम्मीदवारों की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि अनुभवी कार्यकर्ताओं को आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट मिलेगी. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के लिए 12वीं पास और सहायिका पद के लिए 8वीं पास होना अनिवार्य है.

