चेन्नईः- क्रोमपेट नदी में डूबने से स्कूल के चार बच्चों की मौत हो गयी. रविवार 4 अक्टूबर की सुबह स्थानीय लोगों ने क्रोमपेट नदी में चार शव उपलाते हुए देखा. शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि ये चारों छात्र पास की क्रोमपेट नदी में नहाने गए होंगे और झील के कीचड़ में फंसने के कारण डूब गए होंगे. इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में गहरा शोक फैल गया है.
तांबरम के पास क्रोमपेट के लक्ष्मीपुरम इलाके में रहने वाले 2 लड़के और 2 लड़कियां अचानक लापता हो गए. बाद में, जब वे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो उनके माता-पिता और रिश्तेदारों ने अलग-अलग जगहों पर उनकी तलाश शुरू की. इसी बीच, क्रोमपेट पुलिस स्टेशन में चारों छात्रों के लापता होने की अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गईं. इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच और तलाश अभियान शुरू किया.
इसी दौरान, रविवार की सुबह स्थानीय निवासियों ने क्रोमपेट नदी में चार शव देखे. इसकी सूचना तुरंत क्रोमपेट पुलिस स्टेशन को दी गई. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. इसके बाद दमकल और बचाव सेवा को सूचना दी गई. जिसके बाद चारों छात्रों के शवों को झील से बाहर निकाला गया. बरामद किए गए शवों को पोस्टमार्टम जांच के लिए तांबरम सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है.

