दुर्ग:- जिले के सरकारी स्कूल में परीक्षा दे रहे बच्चों की जान पर उस वक्त बन आई, जब अचानक क्लासरूम की छत का प्लास्टर टूटकर उनके ऊपर गिर गया. रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में यह हादसा हुआ. इस इस हादसे में तीन बच्चे घायल हो गए. स्कूल में दुर्घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल हो गया.
छात्रा द्रौपदी ठाकुर बुरी तरह घायल
इस हादसे में कक्षा 10वीं की छात्रा द्रौपदी ठाकुर बुरी तरह घायल हो गई हैं. छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई है. छात्रा के सिर पर तीन टांके लगाए गए हैं और जिला अस्पताल दुर्ग में उसका इलाज जारी है. जिस वक्त छत का प्लास्टर गिरा उस वक्त स्कूल में परीक्षाएं चल रही थी. घटना के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
परीक्षा के दौरान हुआ हादसा
मंगलवार को स्कूल में कक्षा दसवीं की संस्कृत विषय की त्रैमासिक परीक्षा चल रही थी. कमरे में करीब 50 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे थे. इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर पड़ा. देखते ही देखते परीक्षा कक्ष में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन बच्चे घायल हुए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें छात्रा द्रौपदी ठाकुर को सिर में गंभीर चोट आई है.

