कांकेर :- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के मारकाटोला घाट में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। एक और युवक की मौत की पुष्टि हुई है, कुल मिलाकर 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 7 लोग घायल है जिन्हें इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, घायलों में 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मारकाटोला घाटी में धुमाल की मेटाडोर ख़राब होने की वजह से खड़ी थी, साथ ही पहाड़ी से थोड़ी मिट्टी भी गिर रही थी। इसी दौरान रायपुर की ओर से जगदलपुर जा रही गेहूं से लोड ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक मेटाडोर को घसीटते हुए पहाड़ी से जा टकराया और पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस और पुरुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए धमतरी अस्पताल लाया गया, जहां से 7 घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जताया दुख
कांकेर, बालोद एवं धमतरी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतजनों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के उपचार को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल रेफर किए गए सभी घायलों के समुचित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
श्री शर्मा ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि मरकाटोला घाट पर हुए सड़क हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःखद घटना में दिवंगतजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

