मुंगेली :- दिवंगत शिक्षक के पेंशन और मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति उपादान से जुड़े प्रकरण में बरती गई लापरवाही शिक्षा विभाग के छह अधिकारियों-कर्मचारियों पर भारी पड़ी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने छह अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने निलंबन आदेश जारी किया है।
मामला शासकीय हाईस्कूल लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक विज्ञान अंजनी त्रिपाठी से जुड़ा है। उनका 25 सितंबर 2022 को सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद उनके परिवार को मिलने वाली पेंशन और अन्य स्वत्वों की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2018 में सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग में संविलियन के बाद किए गए वेतन निर्धारण का सक्षम प्राधिकारी से समय पर जांच और अनुमोदन नहीं कराया गया। बाद में अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने पर अधिक भुगतान की वसूली की स्थिति बन गई।
मामले में यह भी सामने आया कि लंबित पेंशन प्रकरण के संबंध में संचालनालय लोक शिक्षण को गलत जानकारी भेजी गई थी। विभाग ने इसे संबंधित कर्मचारियों की ओर से अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और शासकीय कार्य में विलंब माना है।

