अंबिकापुर :- अस्पताल के पास तेज आवाज में DJ बजाने को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। देवेश्वर कॉलोनी स्थित आरोग्य निकेतन अस्पताल के पास आयोजित कार्यक्रम में शाम से देर रात तक तेज आवाज में DJ बजने का आरोप है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, तेज आवाज के बीच अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई और उसका ब्लड प्रेशर बढ़कर 180/120 तक पहुंच गया।
अस्पताल प्रबंधन ने DJ की आवाज कम करने का किया आग्रह
बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे से रात 10 बजे तक अस्पताल के आसपास तेज आवाज में DJ बजता रहा। अस्पताल प्रबंधन की ओर से आयोजनकर्ताओं से DJ की आवाज कम करने का आग्रह किया गया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद आवाज कम नहीं की गई।अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि तेज ध्वनि के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान एक प्रसूता की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई।
DJ बंद होने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हुई हालत
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला का BP बढ़कर 180/120 तक पहुंच गया था। इसके बाद अस्पताल में उसका उपचार और निगरानी की गई। बताया गया कि DJ बंद होने के बाद महिला की हालत धीरे-धीरे सामान्य होने लगी।हालांकि, प्रसूता की तबीयत बिगड़ने और तेज DJ के बीच सीधे चिकित्सकीय संबंध की पुष्टि जांच या चिकित्सकीय रिपोर्ट से ही हो सकेगी।
ध्वनि प्रदूषण को लेकर अस्पताल ने जताई आपत्ति
अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल के आसपास तेज आवाज में DJ बजाए जाने पर आपत्ति जताई है। प्रबंधन का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के आसपास ध्वनि प्रदूषण को लेकर निर्धारित नियमों का पालन किया जाना चाहिए।

