बालोद :- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 3 साल के मासूम हिमांशु और 12 वर्षीय नमन की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बच्चों के साथ बाइक चला रहे पवन सोनकर गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद कार सवार दोनों लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रॉन्ग साइड में आकर बाइक को मारी टक्कर
घटना देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पवन सोनकर अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु और 12 वर्षीय भतीजे नमन के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार कथित तौर पर रॉन्ग साइड में चली गई और सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में पवन सोनकर के साथ दोनों बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजनांदगांव में इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने दम तोड़ा
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान हिमांशु और नमन की मौत हो गई।वहीं पवन सोनकर का उपचार जारी है। उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
कार छोड़कर फरार हुए आरोपी
हादसे के बाद कार सवार चालक और उसका साथी मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। देवरी पुलिस ने फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

