जांजगीर-चांपा:- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को अचानक बदले मौसम ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब मौसम खराब होने के बाद खेत-बाड़ी में काम कर रहे लोग बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में जाकर रुके थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार को क्षेत्र में अचानक बादल घिर आए। कुछ ही देर में बिजली चमकने के साथ तेज गड़गड़ाहट शुरू हो गई और बूंदाबांदी होने लगी। इसी दौरान महुदा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से छह लोग प्रभावित हुए।
बारिश से बचने झोपड़ी में गए थे
स्थानीय जानकारी के मुताबिक हादसे के समय सभी लोग बाड़ी में काम कर रहे थे। मौसम बिगड़ने के बाद बारिश से बचने के लिए वे पास की एक झोपड़ी में जाकर रुक गए थे। इसी दौरान बिजली गिरने से वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

