सारंगगढ़ :- छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में एक आवारा कुत्ते ने कुछ ही घंटों में कई इलाकों में दहशत फैला दी। महिला, बच्चे, बुजुर्ग और युवाओं समेत दर्जनभर राहगीरों को कुत्ते के काटने की शिकायत सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद जिला अस्पताल में अब तक 13 मरीजों को भर्ती कराया गया है।कुत्ते के लोगों पर हमला करने के कुछ वीडियो सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं। एक ही कुत्ते के अलग-अलग इलाकों में घूमकर राहगीरों को निशाना बनाने से लोगों में डर का माहौल है।
गढ़ चौक से बाजार चौक तक लोगों को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक कुत्ते ने गढ़ चौक, कुटेला, देवरपारा और बाजार चौक समेत कई इलाकों में लोगों को काटा है। राह चलते लोगों पर अचानक हमला करने से कई लोग संभल भी नहीं पाए।बताया जा रहा है कि कुत्ता महिला और बच्चों के साथ-साथ बुजुर्गों और युवाओं को भी निशाना बना रहा था। घटनाओं की संख्या बढ़ने के बाद लोग रास्तों पर निकलने से भी सतर्क नजर आ रहे हैं।
जिला अस्पताल में 13 मरीज पहुंचे
कुत्ते के काटने के बाद घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सारंगढ़ ले जाया गया। अस्पताल में अब तक 13 मरीजों के भर्ती होने की जानकारी सामने आई है। सभी को कुत्ते के काटने के बाद उपचार दिया जा रहा है।
सीसीटीवी में कैद हुआ हमला
घटना के बीच कुत्ते के लोगों पर हमला करने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में कुत्ते को राहगीरों के पीछे दौड़ते और उन पर हमला करते देखा जा सकता है।लगातार अलग-अलग स्थानों पर कुत्ते के हमले की घटनाओं के बाद अब लोगों को उसके पकड़े जाने का इंतजार है। स्थानीय स्तर पर कुत्ते को पकड़ने की कार्रवाई को लेकर भी लोगों की नजर बनी हुई है।

