बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शादी से पहले अपनी शिक्षा, नौकरी और पारिवारिक संपत्ति को लेकर कथित तौर पर गलत जानकारी देकर युवती और उसके परिवार को भरोसे में लेने का मामला सामने आया है। कोनी थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, हर्षदीप ने खुद को बीट्स पिलानी से B.Tech पास बताया था। उसने जयपुर की एक कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर के पद पर काम करने और सालाना 48 लाख रुपए का पैकेज मिलने का दावा किया था। इसके अलावा उसके परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन और पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपए होने की जानकारी भी दी गई थी।
हाईस्कूल के बाद 2022 में दोबारा हुई मुलाकात
पुलिस के अनुसार, जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही हैं। हर्षदीप उनके साथ हाईस्कूल में पढ़ता था। वर्ष 2022 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई।
मई 2024 में हर्षदीप ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। परिवार की सहमति के बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी के आरजे प्वाइंट कैफे में मुलाकात के दौरान उसने अपना बायोडाटा दिया। इसमें बीट्स पिलानी से B.Tech, जयपुर में नौकरी, 48 लाख रुपए सालाना वेतन और पारिवारिक संपत्ति से जुड़ी जानकारी दी गई थी।
शादी से पहले 6.76 लाख रुपए लेने का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि शादी से पहले और शादी के दौरान अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर परिवार से करीब 6.76 लाख रुपए लिए गए। फरवरी और मार्च में हर्षदीप तथा उसकी मां के खातों में कुल 4.96 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा हर्षदीप के खाते में 60 हजार रुपए दिए गए।
शादी के दौरान भुगतान को लेकर हुआ विवाद
12 मार्च 2026 को बिलासपुर के होटल पेट्रीशियन में दोनों की शादी हुई। शिकायत के मुताबिक, शादी का खर्च हर्षदीप के पिता द्वारा उठाने की बात कही गई थी। हालांकि शादी की रात टेंट और कैटरिंग का काम शुरू नहीं होने पर परिवार को इसकी जानकारी हुई।
पूछताछ में पता चला कि संबंधित लोगों को केवल 10-10 हजार रुपए एडवांस दिया गया था। इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को 90 हजार और उसके मामा ने टेंट संचालक को 90 हजार रुपए का भुगतान किया। अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान नहीं होने के कारण होटल संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल फोन बंद हो गए।
नौकरी और डिग्री को लेकर भी शिकायत में आरोप
युवती का आरोप है कि इसके बाद पूछताछ करने पर हर्षदीप ने बीट्स पिलानी से पढ़ाई करने और नौकरी करने के दावे से इनकार किया। शिकायत के मुताबिक, उसने बताया कि वह अपने पिता के साथ इमू ऑयल का कारोबार करता है।
युवती ने शादी में मिले जेवर की जांच कराने पर उनके नकली होने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद उसने मामले की शिकायत जशपुर पुलिस से की। वहां शून्य पर रिपोर्ट दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर पुलिस को भेजी गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बिलासपुर ASP पंकज पटेल के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से जशपुर का रहने वाला है और वर्तमान में बिलासपुर के स्वर्णिमा एरा टाउनशिप में रह रहा है। मामले में युवक और उसके माता-पिता को आरोपी बनाया गया है। पुलिस बायोडाटा में किए गए दावों, पैसों के लेन-देन, शादी के खर्च और जेवर से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

