जयपुर:- करधनी इलाके में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, सोते समय पत्थर से हमला किया गया. आरोपी पिता राहुल झा पर हत्या का आरोप है. वारदात के बाद उसने पिता को चाय पिलाई और फरार हो गया. पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है.
एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और 3 बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। घर के अंदर खून से सनी 4 लाशें मिलने के बाद से आसपास के पड़ोसी और स्थानीय लोग सहम गए हैं। वहीं, हत्याकांड के बाद से आरोपी मौके से फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राहुल झा ने शुक्रवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच अपने ही घर में पत्नी और 3 जवान बेटियों की हत्या कर दी। बेटियों की उम्र 14 से 23 साल के बीच बताई जा रही है। राहुल ने घर में मौजूद ईंटों और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले पत्थरों के टुकड़ों से चारों के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इस खौफनाक हमले में चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद भी आरोपी सामान्य तरीके से घर में रहा। पत्नी और बेटियों को मारने के बाद राहुल ने सुबह 6 बजे के करीब अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मी नाथ झा को दी चाय भी बनाकर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी राहुल झा ट्रेडिंग का काम करता है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को हत्या की वजह माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया। पुलिस को मौके से खून से सने कपड़े मिले हैं, जिनकी FSL टीम से जांच करवाई जा रही है।

