ग्वालियर:- मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में पुलिस इन दिनों स्पा सेंटरों में होने वाले गैर-कानूनी कामों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस महकमे की तरफ से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत शहरभर के स्पा सेंटरों की लगातार जांच की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है, जहां स्पा सेंटर के नाम पर चलाए जा रहे एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया गया है।
गोविंदपुरी के स्पा सेंटर में दबिश, 13 लोग गिरफ्तार
यह पूरा मामला शहर के पॉश इलाके गोविंदपुरी से सामने आया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां स्थित ‘एलीमेक्स स्पा सेंटर’ में मालिश की आड़ में देह व्यापार का काला कारोबार चल रहा है। जिसकी खबर मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से स्पा सेंटर पर औचक छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके पर 7 युवक और 5 युवतियां आपत्तिजनक हालत में पाए गए, जिन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
महिला मैनेजर से पूछताछ जारी, स्पा सेंटर सील
पुलिस ने मौके से स्पा सेंटर की महिला मैनेजर को भी पकड़ लिया है। पकड़े गए सभी 13 लोगों को थाने लाकर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि स्पा सेंटर के संचालक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस ने मौके से कई तरह की आपत्तिजनक सामग्रियां भी बरामद की हैं और फिलहाल उस स्पा सेंटर को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
लगातार जारी है पुलिस की कार्रवाई
ग्वालियर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे इस अवैध कारोबार पर यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले कंपू थाना क्षेत्र के STL स्पा सेंटर पर भी पुलिस ने संयुक्त टीम के साथ छापा मारकर सेक्स रैकेट का खुलासा किया था। वहां से भी दो युवतियों और एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया था। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि शहर में अनैतिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

