उत्तर प्रदेश:- फतेहपुर में एक सिरफिरे दामाद ने आधी रात खुनी वारदात को अंजाम दिया. उसने पहले तो अपने साले की हत्या की और शव को नहर में फेंक दिया. इसके बाद ससुराल पहुंचकर सो रहे अन्य साले सलहज और तीन भतीजों पर तलवार से हमला कर दिया. फिर गुस्साए लोगों ने उसकी ही पीट पीटकर हत्या कर दी.
क्या है पूरा मामला
दरअसल पूरा मामला जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव का है. वारदात बुधवार रात (2 सितंबर) की है. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय बड़े साले राजू और आरोपी जीजा आसापुर निवासी पवन विश्वकर्मा (50 साल) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक़, औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव की रहने वाली फूलकुमारी उर्फ सीमा की शादी 26 साल पहले आसापुर के रहने वाले पवन से हुई थी. पवन कारपेंटर का काम करता था. दोनों के चार बच्चे -बेटियां शीतल उर्फ मानसी (22), कोमल (18), राधा (15) और बेटा सत्यम (12) हैं.
पत्नी से चल रहा था विवाद
पति पत्नी के बीच करीब नौ साल विवाद चल रहा था. जिसके बाद वो पति को छोड़कर मायके में रहने लगी थीं. उसे लगता था ससुराल वाले पति-पत्नी के बीच झगडे को ख़त्म करने नहीं देना चाहते हैं. जिसके चलते उसने हत्या की साजिश रची. प्लान के तहत पत्नी के भाई राजू को उसके बेटे के लिए लड़की दिखाने के बहाने ले गया.
पहले साले को मारा, फिर पांच को तलवार से काटा
उसने राजू को मारकर नहर में फेंक दिया. उसके बाद ससुराल पहुंच गया जहाँ उसने कहा राजू लड़की वालों के यहाँ रुका है. जब रात में सब खा पीकर सो गए तो आधी रात पवन ने सभी पर हलवार से हमला कर दिया. हमले में कई लोग घायल हो गए. घायलों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पवन को पकड़ लिया. उन्होंने पवन को लाठी से पीटना शुरू कर दिया.
दामाद की पीट पीटकर मौत
मामले की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया गया. पवन समेत सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. सभी को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. जहाँ डॉक्टर ने पवन को मृत घोषित कर दिया. जबकि प्रदीप (20), राजेश, पुष्पा, राजकरण (22) और गोरे (18) घायल है.
नहर में मिली साले की लाश
पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गयी. प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद सामने आयी. साथ ही साला राजू लापता था. जिसे ढूंढने की कोशिश की जा रही थी. इसी बीच राजू की लाश कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर नहर से मिली. जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फ़िलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. बता दें इन सनकी दामाद की वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है.

