मध्यप्रदेश:- राजधानी भोपाल से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां, गौतम नगर थाना क्षेत्र में एक पत्नी ने पति के साथ जाने से साफ मना कर दिया, जिससे आहत होकर पति ने अपनी कलाई काट ली। हैरान करने वाली बात यह है कि पति ने धमकी देते हुए कहा कि मैं तो मरूंगा, और तुम सबको फंसा दूंगा।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, साल 2024 में हर्ष मांझी नाम के युवक ने गीता नाम की युवती से प्रेम विवाह (Love marriage) किया था। हाल ही में, रक्षाबंधन के पर्व में युवती अपने मायके आई हुई थी और उसने वापस अपने पति के साथ जाने से मना कर दिया। इसी बात पर नाराज होकर युवक अपने ससुराल पहुंचा और भारी हंगामा खड़ा कर दिया।
सास को दी जान से मारने की धमकी
इस पूरे विवाद में चौंका देने वाला मोड़ तब आया, जब भारी हंगामे के बीच युवक ने अपनी सास को जान से मारने की धमकी दे डाली और अपनी पत्नी का मोबाइल मांगा। जब पत्नी ने मोबाइल देने से इनकार किया तो विवाद और बढ़ गया। इसके बाद गुस्साए युवक ने अपनी हाथ की कलाई काटते हुए सबको फंसाने की धमकी दी। उसका कहना था कि मैं तो मर जाऊंगा लेकिन तुम सबको फंसा कर जाऊंगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस पूरे मामले की शिकायत मिलने के बाद गौतम नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, गौतम नगर थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल युवक का इलाज कराने के साथ ही मामले से जुड़े तमाम पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि विवाद की असली वजह साफ हो सके।

