अंबिकापुर :- शहर के नमना कला मिशन ग्राउंड के पास दो युवकों पर अचानक एयर गन से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों युवकों को चोटें आई हैं। पीड़ितों ने अज्ञात लोगों पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।बताया जा रहा है कि एजाज सोनकर और आयुष सोनकर नमना कला मिशन ग्राउंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उन पर एयर गन से फायरिंग कर दी। हमले के बाद दोनों युवक वहां से भागने लगे। इसी दौरान आयुष सोनकर के शरीर में एयर गन के छर्रे लगने की बात सामने आई है। दूसरे युवक को भी चोटें आई हैं।
पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने एयर गन से फायरिंग करने के साथ ही धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद दोनों युवक सीधे कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों का मेडिकल कराया है। मेडिकल के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच के साथ ही आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

