रायपुर:- राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार 29 अस्त को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी पीने के लिए वाटर कूलर के पास पहुंचे एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक को बचाने की कोशिश में एक पुलिस आरक्षक भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गया। घायल आरक्षक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वाटर कूलर छूते ही करंट की चपेट में आया युवक
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी रमेश ठाकुर (32) किसी काम से विधानसभा थाना पहुंचा था। थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर से पानी लेने के दौरान जैसे ही उसने कूलर को छुआ, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। तेज विद्युत प्रवाह के कारण रमेश मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।
बचाने पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट
युवक को करंट लगने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए और झुलस गए। स्थिति को देखते हुए तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद रमेश को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घायल आरक्षक अस्पताल में भर्ती
हादसे में झुलसे आरक्षक गणेश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद थाना परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
CSEB की टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं CSEB के अधिकारी और कर्मचारी थाना परिसर पहुंचे और वाटर कूलर सहित विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कूलर में करंट कैसे आया और उसका विद्युत प्रवाह बाहर तक कैसे पहुंचा।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू, जांच जारी
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस और विद्युत विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

