राजनांदगांव:- चिचोला पुलिस ने एक संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश भी की गई।
सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला था शव
मामला ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास का है। मृतक प्रेमलाल साहू का शव एनएच-53 के किनारे एक गड्ढे में पड़ा मिला था। उसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे, जबकि पास ही खून से सना एक बड़ा मुरूम पत्थर भी मिला था। मृतक के भाई ओमप्रकाश साहू की सूचना पर चिचोला पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने घटना के हर संभावित पहलू की बारीकी से पड़ताल की।
CDR और पूछताछ से खुला हत्या का राज
पुलिस ने परिजनों और गवाहों से पूछताछ के साथ मोबाइल CDR और लोकेशन की भी जांच की। जांच के दौरान पुलिस को दो लोगों पर संदेह हुआ। इसके बाद ग्राम पटपर निवासी नरबद साहू (40) और मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू (27) से कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने प्रेमलाल के सिर पर पत्थर मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

