सक्ति :- जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम छीतापड़रिया से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर सेवन कर लिया। घटना के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे जैजैपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जुनवानी निवासी करीब 42 वर्षीय जगदीश प्रसाद वैष्णव पिछले कुछ दिनों से अपनी दीदी के घर ग्राम छीतापड़रिया आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि आज दोपहर करीब 12 बजे जगदीश प्रसाद ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसका सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ती देख परिजनों ने बिना देरी किए एंबुलेंस को सूचना दी और उसे जैजैपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
फिलहाल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। युवक ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और जहरीले पदार्थ के संबंध में पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।

