रायपुर:- उरला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। महाकालेश्वर रोड स्थित मेटल पार्क रोड पर पीछे से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में महिला ट्रक के पहिए की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, रावाभाठा निवासी करीब 40 वर्षीय राजेश्वरी वर्मा रॉयल कंपनी में काम करती थीं। वह बुधवार को अपनी बेटी के साथ स्कूटी से कंपनी जाने के लिए निकली थीं।
ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
दोनों स्कूटी से मेटल पार्क रोड से होकर गुजर रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी अनियंत्रित हो गई और राजेश्वरी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गईं।गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है।

